रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा में अब विलंब हो सकता है। पहले कहा जा रहा था कि पार्टी अगस्त तक ही उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी। लेकिन प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा है कि सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए पार्टी सितंबर के दूसरे हफ्ते तक प्रत्याशियों की घोषणा करेगी।
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान कहा था कि पार्टी अगस्त तक प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी, ताकि उम्मीदवारों को अपने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा समय मिले। लेकिन छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पुनिया ने सोमवार को कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी एआईसीसी को अगस्त के अंत तक सारे सीटों पर प्रत्याशियों के नाम भेज देगी। इसके बाद सितंबर के दूसरे हफ्ते तक प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।
यह भी पढ़ें : यूपी में भी सामने आया मुजफ्फरपुर कांड, देवरिया के बालिका गृह से चल रहा था सेक्स रैकेट
पुनिया ने ये भी कहा कि पार्टी के महापौर चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। जबकि धरसींवा ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा की ओर से टिकट के दावेदार से डेढ़ लाख रुपये मांगने के मामले में उन्होंने कहा कि पार्टी में ये बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामला सामने आया है, जांच होगी और सख्त कार्रवाई भी होगी।
वेब डेस्क, IBC24