उज्जैन। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दो दिवसीय प्रदेश प्रवास पर मप्र पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उज्जैन में केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि सीबीआई निदेशक राफेल मामले की जांच करने जा रहे थे, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाता, इसलिए ‘चौकीदार‘ ने उन्हें हटा दिया। उन्होंने कहा, कि ‘राफेल जांच शुरू होने की खबर से वह डरे हुए थे। अगर यह जांच हो जाती तो देश को पता चल जाता कि चौकीदार चोर है।‘
वहीं केंद्र सरकार पर हमला बोलत हुए राहुल ने कहा कि, ‘आपने आर्म्ड फोर्सेज के लिए क्या किया? पंचायती राज खत्म कर दिया, जम्मू-कश्मीर को जला दिया, आतंकवादियों के लिए दरवाजा खोल दिया’। उन्होंने कहा कि बीजेपी और मोदी सरकार का तो धर्म ही भ्रष्टाचार है, इनके सांसद से लेकर विधायक तक सब भ्रष्टाचार में शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : संबित पात्रा ने साधा राहुल गांधी पर निशाना- आप जनेऊधारी हैं, क्या गोत्र है आपका?
राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, ‘हमारे युवाओं में क्षमता की कमी नहीं है लेकिन इस सरकार ने युवाओं के हाथ बांध रखे हैं। ये सिर्फ घोषणाएं करते हैं।‘ उन्होंने कहा, ‘मोदीजी ने दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात की थी। वहीं शिवराजजी जहां भी जाते हैं घोषणाएं करते हैं’। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के दौरान मध्य प्रदेश में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ, जिसकी जांच सीबीआई को करनी चाहिए, लेकिन ये तो सीबीआई डायरेक्टर को ही हटा देते हैं।
यह भी पढ़ें : राहुल गांधी पहुंचे उज्जैन, लगाई महाकाल के दरबार में हाजिरी, करेंगे चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष ने उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में पूजा करने के बाद दौरे की शुरुआत की। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे।
वेब डेस्क, IBC24