भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के प्रवास की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रदेश के भाजपा विधायकों और जिला अध्यक्षों की बैठक ली। इस बैठक में अमित शाह के दौरे, आपसी समन्वय के अलावा जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर रोडमैप तैयार किया गया।
बैठक को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह और केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने संबोधित किया। उन्होंने विधायकों और जिला अध्यक्षों को अबकी बार 200 पार का संकल्प दिलाया। शिवराज ने इस दौरान जनआशीर्वाद यात्रा के मद्देनजर विधायकों से विकास कार्यो का फीडबैक लिया। यह तय किया गया कि जहां–जहां विकास कार्यो का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, वहां जन आशीर्वाद यात्रा जाएगी।
यह भी पढ़ें : मध्य प्रदेश कांग्रेस की फर्जी वोटर्स की शिकायत फर्जी, चुनाव आयोग ने कराई जांच
वहीं किसानों की कर्ज माफी के सवाल पर विधायकों और जिला अध्यक्षों ने चुप्पी साध ली। उन्हें बैठक में कांग्रेस के हर आरोप पर पलटवार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, 12 जून को अमित शाह के दौरे को सफल बनाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में 23 जून को पीएम के राजगढ़ और इंदौर के दौरे को लेकर रोडमैप बनाया गया।
दमोह के जिला अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने बताया कि सभी को मोदी के कार्यक्रम का प्रचार प्रसार करने की जिम्मेदारी दी गई है। ब्लॉक स्तर तक प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा गया है।
वेब डेस्क, IBC24