हावड़ा जा रही एक मालगाड़ी के लोको पायलट और असिस्टेंट पायलट को एक साथ झपकी लग गई… इधर ट्रेन रेड सिग्नल तोड़ते हुए सक्ती स्टेशन के होम सिग्नल तक जा पहुंची… किस्मत से उस लाइन पर कोई और ट्रेन नहीं थी, लिहाजा बड़ी दुर्घटना टल गई। रेल प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पायलट को सस्पेंड कर दिया है और जांच बिठा दी है… घटना बुधवार तड़के चार बजे की है।
दरअसल चावल के बोरों से भरे रैक लेकर हावड़ा जा रही एक मालगाड़ी तड़के करीब चार बजे बाराद्वार से सक्ती के बीच थी, इसी दौरान इस ट्रेन को चला रहे दोनों पायलट को एक साथ झपकी लग गई। इस समय ट्रेन की लाइन पर सिग्नल रेड था, लेकिन दोनों पायलट के सोए होने के कारण ट्रेन धड़धड़ाती हुई चार किलोमीटर आगे निकल गई। सिग्नल शूट होने की खबर तत्काल कंट्रोल के सिस्टम पर आ गई, इसके बाद मालगाड़ी को सतर्क करने के लिए सक्ती स्टेशन सूचना भेजी गई, तब तक पायलट की नींद टूट गई थी उसने ब्रेक लगाया और ट्रेन स्टेशन पर रुकी।