(PhysicsWallah Share Price/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: PhysicsWallah Share Price: PhysicsWallah एक भारतीय एडटेक कंपनी है, जिसका मुख्यालय नोएडा में है। इसकी शुरुआत 2016 में अलख पांडे ने एक YouTube चैनल से की थी। शुरुआती दौर में यह प्लेटफॉर्म JEE, NEET और CBSE जैसे एग्जाम्स की तैयारी के लिए फिजिक्स पढ़ाने पर केंद्रित था। धीरे-धीरे कंपनी ने अपने कोर्स और सेवाओं का विस्तार किया और लाखों छात्रों तक पहुंच बनाई। तेजी से बढ़ती लोकप्रियता और बिजनेस ग्रोथ को देखते हुए कंपनी ने 2025 में शेयर बाजार में उतरने का फैसला लिया। नवंबर 2025 में इसका IPO आया, जिसमें शेयर का प्राइस बैंड 103 से 109 रुपये तय किया गया और अंतिम इश्यू प्राइस 109 रुपये रहा।
PhysicsWallah की लिस्टिंग 18 नवंबर 2025 को NSE पर हुई और यह काफी शानदार रही। शेयर ने 109 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 33% प्रीमियम के साथ 145 रुपये पर शुरुआत की। इतना ही नहीं लिस्टिंग वाले दिन ही यह 161.99 रुपये तक पहुंच गया। हालांकि, यह तेजी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी। उसी दिन शेयर 155.24 रुपये पर बंद हुआ और इसके बाद इस शेयर में लगातार गिरावट देखने को मिली।
लिस्टिंग के कुछ दिनों बाद यह शेयर एक सीमित दायरे में ट्रेड करता रहा। 21 नवंबर को यह 134.21 रुपये पर बंद हुआ और कई दिनों तक 128 से 135 रुपये के बीच ट्रेड करता रहा। लेकिन जनवरी के अंत से इसमें गिरावट शुरू हुई, जो मार्च तक जारी रही। 4 मार्च को यह 77.72 रुपये के अपने ऑल-टाइम लो तक पहुंच गया। हाल ही में यह शेयर 86.00 रुपये पर बंद हुआ, जो इसके IPO प्राइस से लगभग 25% और लिस्टिंग प्राइस से करीब 66% कम है।
हालांकि शेयर में लगातार गिरावट देखने को मिली है, लेकिन ब्रोकरेज फर्म JM Financial अब भी इस पर सकारात्मक रूख अपनाए हुए हैं। फर्म ने इस स्टॉक पर ‘Buy‘ रेटिंग बरकरार रखी है और इसका टारगेट प्राइस 110 रुपये तय किया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 26% ऊपर है। ब्रोकरेज के मुताबिक, PhysicsWallah के कम लागत वाले कोर्स इसे पारंपरिक कोचिंग संस्थानों के मुकाबले ज्यादा आकर्षक बनाते हैं। इसके अलावा कंपनी का ‘डिजिटल-फर्स्ट’ मॉडल भी एक बड़ी ताकत है, क्योंकि इसमें भारी इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत नहीं होती और यह तेजी से स्केल हो सकता है।
नोट:- शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।