(Stock Market 13 April 2026/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: Stock Market 13 April 2026 in India: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव खत्म करने की कोशिशें नाकान होने और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के चलते वैश्विक बाजारों में कमजोरी देखने को मिली है। इसका असर आज भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ सकता है। आज सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी 50 के गिरावट के साथ खुलने की उम्मीद जताई जा रही है। जिससे निवेशकों की बीच सतर्कता का माहौल है और शुरुआती कारोबार में दबाव देखने को मिल सकता है।
सोमवार को एशियाई बाजारों में भी कमजोरी साफ नजर आई। जापान का निक्केई 225 करीब 0.84% फिसल गया। जबकि टॉपिक्स इंडेक्स में 0.42% की गिरावट दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.83% और कोस्डैक 1.43% लुढ़क गए। इसके अलावा हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने भी कमजोर शुरुआत के संकेत दिए हैं। इन गिरावटों से साफ है कि ग्लोबल निवेशकों का रुख सतर्क बना हुआ है।
गिफ्ट निफ्टी करीब 23,768 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद स्तर से लगभग 333 अंक नीचे है। जो यह संकेत देता है कि भारतीय बाजार की शुरुआत दबाव में हो सकती है। गिफ्ट निफ्टी को अक्सर घरेलू बाजार की दिशा का शुरुआती संकेत माना जाता है और मौजूदा गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
अमेरिकी बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली। डॉऊ जोन्स फ्यूचर्स 517 अंक यानी 1.1% नीचे रहे, जबकि एसएंडपी 500 और नैस्डैक 100 फ्यूचर्स में भी करीब 1% से ज्यादा की गिरावट देखी गई। वहीं, डॉलर इंडेक्स 99.056 के आसपास स्थिर रहा। जो हाल के उच्च स्तर के करीब है। यूरो और ब्रिटिश पाउंड में गिरावट आई, जबकि येन के मुकाबले डॉलर मजबूत हुआ।
कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया है। ब्रेंट क्रूड 7% से ज्यादा बढ़कर 101.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड 104 डॉलर के पार चला गया। दूसरी ओर, मजबूत डॉलर के दबाव में सोने की कीमतों में गिरावट आई है। स्पॉट गोल्ड करीब 1.1% गिरकर एक हफ्ते के निचले स्तर पर आ गया। चांदी की कीमतों में भी करीब 1.9% की कमजोरी दर्ज की गई, जिससे कमोडिटी बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।