(Stock Market 26 February 2026/ Image Credit: IBC24 News
नई दिल्ली: Stock Market Today in India आज गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार के लिए संकेत सकारात्मक दिखाई दे रहे हैं। एशियाई बाजारों में मजबूती का माहौल है, जिससे भारतीय बाजार को सपोर्ट मिल सकता है। अमेरिका में टेक शेयरों की खरीदारी के दम पर वॉल स्ट्रीट बढ़त के साथ बंद हुआ। खासतौर पर नैस्डैक कंपोजिट में करीब डेढ़ प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इससे आईटी और टेक शेयरों में उत्साह देखने को मिल सकता है।
GifT Nifty में हल्की बढ़त देखने को मिली है, जो बाजार के लिए मजबूत ओपनिंग का संकेत दे रही है। निफ्टी फ्यूचर्स 25,673 के आसपास कारोबार करता दिखा। वहीं विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने कैश और वायदा बाजार में करीब 4,700 करोड़ रुपये की खरीदारी की है। विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी बाजार की धारणा को मजबूत करती है और गिरावट में सहारा देती है।
अमेरिकी बाजारों में टेक्नोलॉजी शेयरों की अगुवाई में जोरदार तेजी रही। एनवीडिया ने चौथी तिमाही में रिकॉर्ड 68.1 बिलियन डॉलर का राजस्व दर्ज किया, जो अनुमान से बेहतर रहा। कंपनी का मुनाफा भी सालाना आधार पर दोगुना से ज्यादा बढ़ा। बेहतर नतीजों और मजबूत गाइडेंस से टेक सेक्टर में सकारात्मक माहौल बना, जिसका असर भारतीय आईटी शेयरों पर भी दिख सकता है।
प्राथमिक बाजार में हलचल बढ़ने वाली है। सेडेमैक मेक्ट्रोनिक्स 4 मार्च को 1,087 करोड़ रुपये का आईपीओ लॉन्च करेगी। कंपनी ऑटोमोटिव और जेनसेट सेगमेंट के लिए कंट्रोल-इंटेंसिव प्रोडक्ट बनाती है। इसके अलावा होम फर्स्ट फाइनेंस में आज ब्लॉक डील की संभावना है, जिस पर निवेशकों की नजर रहेगी।
डॉलर में कमजोरी के चलते सोने की कीमतों में तेजी देखी गई। वैश्विक अनिश्चितता और अमेरिका-ईरान तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर रहे हैं। वहीं, कच्चे तेल की कीमतें भी ऊंचे स्तर के आसपास बनी हुई हैं। सप्लाई को लेकर चिंताओं के बीच ब्रेंट और डब्ल्यूटीआई क्रूड में हल्की बढ़त दर्ज की गई।
मार्च सीरीज के पहले दिन बाजार में उतार-चढ़ाव रहा और अंत में सूचकांक लगभग सपाट बंद हुए। बाजार की स्थिति भी मिश्रित रही, जहां बढ़ने और गिरने वाले शेयरों की संख्या लगभग बराबर रही। हालांकि आज ग्लोबल संकेत, एफआईआई की खरीदारी और गिफ्ट निफ्टी की बढ़त को देखते हुए बाजार की शुरुआत सकारात्मक रहने की उम्मीद है।
नोट:- शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।