(Android Contextual Suggestions Feature/ Image Credit: AI-generated)
Android Contextual Suggestions Feature: गूगल एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक नया और स्मार्ट फीचर रोल आउट कर रही है। जिसका नाम Contextual Suggestions रखा गया है। इस फीचर की मदद से एंड्रॉयड फोन यूजर्स की आदतों और रोजमर्रा की एक्टिविटी को समझकर काम करेगा। यानी फोन यह अनुमान लगाने लगेगा कि यूजर आगे क्या कर सकता है और उसी के हिसाब से सुझाव देगा। यह फीचर शुरुआत में कुछ डिवाइस पर ही उपलब्ध होगा और इसे डिफॉल्ट रूप से ऑन रखा जाएगा।
गूगल के अनुसार, यह फीचर ऐप्स के जरिए यूजर की डेली एक्टिविटी और लोकेशन को समझेगा। इसके बाद यह अंदाजा लगाएगा कि यूजर का अगला कदम क्या हो सकता है और उसी के अनुसार सुझाव दिखाएगा। उदाहरण के लिए, अगर आप जिम में हैं तो फोन आपकी पसंदीदा म्यूजिक प्लेलिस्ट दिखा सकता है। वहीं, अगर आप वीकेंड पर स्पोर्ट्स देख रहे हैं तो यह टीवी पर कंटेंट कास्ट करने का सुझाव दे सकता है। गूगल का कहना है कि यह डेटा ऐप या कंपनी के साथ शेयर नहीं किया जाएगा। बल्कि सिर्फ सुझाव देने के लिए इस्तेमाल होगा।
हालांकि यह फीचर ऑटोमैटिक रूप से काम करेगा। लेकिन यूजर्स चाहें तो इसे बंद भी कर सकते हैं। गूगल ने इसके लिए पूरी सेटिंग कंट्रोल देने का विकल्प रखा है। जिसमें फीचर को डिसेबल करना, लोकेशन एक्सेस बंद करना और सेव डेटा को डिलीट करना शामिल है। यूजर को इसके लिए सेटिंग में जाकर अपने प्रोफाइल सेक्शन में जाना होगा। फिर एडवांस्ड सेटिंग्स में यह विकल्प मिल जाएगा, जहां से इसे अपनी जरूरत के अनुसार बदला जा सकता है।
यह नया फीचर फिलहाल गूगल पिक्सल 10 सीरीज के यूजर्स के लिए रोल आउट किया गया है। इसे गूगल प्ले सर्विस के जरिए जारी किया जा रहा है। अभी पुराने पिक्सल मॉडल या अन्य एंड्रॉयड डिवाइस के लिए यह उपलब्ध नहीं है। हालांकि उम्मीद है कि आने वाले समय में इसे धीरे-धीरे सभी एंड्रॉयड यूजर्स के लिए जारी कर दिया जाएगा। लेकिन इसकी आधिकारिक टाइमलाइन की घोषणा अभी नहीं की गई है।