(Instagram Plus Subscription/ Image Credit: Pexels)
नई दिल्ली: Instagram Plus Subscription: इंस्टाग्राम पर फोटो-वीडियो शेयर करने और रील्स देखने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, मेटा प्लेटफॉर्म ने 5 जून को दुनियाभर में Instagram Plus नाम से एक नया प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च किया है। यह सेवा उन यूजर्स के लिए है जो सोशल मीडिया का ज्यादा एडवांस और पर्सनालाइज्ड अनुभव चाहते हैं। इस प्लान में कई एक्सक्लूसिव फीचर्स, कस्टमाइजेशन टूल्स और एडवांस इनसाइट्स मिलते हैं जो सामान्य इंस्टाग्राम में उपलब्ध नहीं है। कंपनी के मुताबिक इसका मकसद यूजर्स को ज्यादा कंट्रोल और बेहतर एक्सपीरियंस देना है।
लॉन्च के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा था कि क्या इंस्टाग्राम अब पेड हो जाएगा। कंपनी ने साफ किया है कि ऐसा नहीं है। सामान्य इंस्टाग्राम पहले की तरह पूरी तरह फ्री रहेगा। यूजर्स पोस्ट, स्टोरी, रील्स, मैसेजिंग और बाकी सभी फीचर्स बिना किसी शुल्क के इस्तेमाल कर सकेंगे। Instagram Plus सिर्फ एक वैकल्पिक प्रीमियम सर्विस है जिसे चाहें तो ही लिया जा सकता है।
Instagram Plus में स्टोरी से जुड़े कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं। इनमें Story Spotlight शामिल है जो आपकी स्टोरी को ज्यादा लोगों तक पहुंचाता है। Super Hearts के जरिए यूजर्स एनिमेटेड रिएक्शन भेज सकते हैं। Story Extend फीचर से स्टोरी 24 घंटे की बजाय 48 घंटे तक लाइव रहती है। इसके अलावा Multiple Story Audiences और Story Rewatch Insights जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं जो यूजर इंटरैक्शन को बेहतर बनाता है। इसके अलावा Search Viewer List फीचर से व्यूअर लिस्ट में किसी खास व्यक्ति को सर्च भी कर सकते हैं।
इस नए प्लान में प्रोफाइल को ज्यादा पर्सनल बनाने के लिए कई टूल्स दिए गए हैं। यूजर्स अब कस्टम ऐप आइकन और कस्टम बायो फॉन्ट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रोफाइल पर अब 3 की जगह 6 पोस्ट तक पिन की जा सकती हैं। इससे महत्वपूर्ण कंटेंट को लंबे समय तक प्रोफाइल के टॉप पर रखा जा सकता है और प्रोफाइल का लुक भी ज्यादा यूनिक बनता है।
Instagram Plus का एक खास फीचर यह है कि यूजर कोई भी फोटो या वीडियो सीधे अपनी प्रोफाइल या हाइलाइट्स में पोस्ट कर सकता है बिना उसे फॉलोअर्स की फीड में दिखाए। यह फीचर खासकर क्रिएटर्स और प्रोफेशनल यूजर्स के लिए उपयोगी है जो अपनी प्रोफाइल को पोर्टफोलियो की तरह मैनेज करना चाहते हैं। इससे कंटेंट शेयरिंग पर ज्यादा कंट्रोल मिलता है।
इस प्रीमियम प्लान में एडवांस कंटेंट इनसाइट्स भी दिए गए हैं। यूजर्स यह देख सकते हैं कि उनकी स्टोरी कितनी बार देखी गई, कौन-कौन उसे दोबारा देख रहा है और किस तरह से ऑडियंस एंगेज हो रही है। इसके अलावा Search Viewer List फीचर की मदद से किसी खास यूजर की एक्टिविटी भी आसानी से देखी जा सकती है। यह फीचर्स कंटेंट क्रिएटर्स के लिए काफी उपयोगी हैं।
Instagram Plus को खास तौर पर क्रिएटर्स, इन्फ्लुएंसर्स और पावर यूजर्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। कंपनी का कहना है कि इसका मकसद यूजर्स को अपने कंटेंट पर ज्यादा नियंत्रण और बेहतर एनालिसिस देना है। फिलहाल यह सेवा ग्लोबली रोलआउट हो रही है और आने वाले समय में इसमें और नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं।