(UPI Payment New Feature/ Image Credit: Pixabay)
नई दिल्ली: UPI Payment New Feature: ऑनलाइन पेंमेंट करने वाले यूजर्स के लिए बड़ी खबर है। अब UPI के जरिए 5,000 रुपये तक की पेमेंट करने के लिए PIN नंबर डालने की जरूरत खत्म हो गई है। नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने नया फीचर रोल आउट किया है, जिससे अब एंड्रायड और iPhone यूजर्स दोनों ही फिंगरप्रिंट या फेसआईडी के जरिए पेमेंट कर सकते हैं। इसका मतलब यह है कि अब बिना PIN डाले, आप तुरंत और आसानी से सुरक्षित पेमेंट कर पाएंगे।
पहले यह बायोमेट्रिक पेमेंट फीचर केवल कुछ ऐप्स जैसे अमेजन पे और फोनपे में एंड्रॉयड यूजर्स के लिए ही उपलब्ध था। अब यह सभी यूजर्स के लिए रोल आउट कर दिया गया है। यानी एंड्रॉयड के अलावा iPhone यूजर्स भी अब अपने फोन के फेसआईडी से पेमेंट कर सकते हैं। हालांकि, यह सुविधा केवल 5,000 रुपये तक के लेनदेन पर ही लागू होगी। इससे बड़ी ट्रांजैक्शन के लिए अब भी पहले की तरह UPI PIN की जरूरत होगी।
इस फीचर को एक्टिव करना बेहद आसान है। सबसे पहले आप अपने फोन में फोनपे, गूगल पे, भीम या किसी अन्य UPI ऐप को अपडेट करें। ऐप खोलकर सर्च बार में ‘Biometric Payment’ या ‘Pay with FaceID’ टाइप करें। इसके बाद उस बैंक अकाउंट को सेलेक्ट करें, जिस पर आप बायोमेट्रिक पेमेंट इस्तेमाल करना चाहते हैं। वेरिफिकेशन के लिए एक बार आपको UPI PIN डालना होगा। इसके बाद फीचर एक्टिव हो जाएगा और आप फिंगरप्रिंट या फेसआईडी के जरिए पेमेंट कर पाएंगे।
इस बदलाव से UPI पेमेंट्स और तेज और आसान हो जाएंगी। अब यूजर को PIN भूलने या गलत PIN डालने की चिंता नहीं होगी। फिंगरप्रिंट या फेसआईडी से पेमेंट करना सुरक्षित और सुविधाजनक है। छोटे-छोटे लेनदेन जैसे 5,000 रुपये तक के भुगतान अब मिनटों में पूरे किए जा सकते हैं।