(Whatsapp New Features/ Image Credit: Pexels)
Whatsapp New Features आज के समय में WhatsApp लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। लोग दिन भर इस ऐप पर एक्टिव रहते हैं। दोस्तों और परिवार से बातचीत के साथ-साथ यहां हंसी-मजाक, फोटो-वीडियो, जरूरी डॉक्यूमेंट और कई बार बैंक या पर्सनल जानकारी भी शेयर की जाती है। ऐसे में WhatsApp सिर्फ एक मैसेजिंग ऐप नहीं, बल्कि यूजर की कई संवेदनशील जानकारियों का डिजिटल स्टोर बन गया है। इसी वजह से स्कैमर्स की नजर सबसे ज्यादा इसी प्लेटफॉर्म पर रहती है।
WhatsApp पर स्कैम करने वाले लोग लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी फर्जी कॉल, कभी अनजान लिंक तो कभी मालवेयर से भरे फोटो या डॉक्यूमेंट भेजे जाते हैं। कई बार यूजर को पता भी नहीं चलता और एक क्लिक या कॉल उठाने भर से उनका डेटा खतरे में पड़ जाता है। जीरो-क्लिक मालवेयर, वॉइस-बेस्ड स्कैम और फर्जी प्रोफाइल के जरिए हैकिंग की कोशिशें तेजी से बढ़ी हैं। इसी को देखते हुए WhatsApp ने यूजर्स की सुरक्षा को और मजबूत करने का फैसला किया है।
WhatsApp ने हाल ही में एक नया स्ट्रिक्ट अकाउंट सेटिंग फीचर रोल-आउट करना शुरू किया है। यह फीचर एक ही टैप में आपकी चैटिंग को ज्यादा सुरक्षित बना देता है। पहले जहां अलग-अलग सेफ्टी ऑप्शन ऑन करने पड़ते थे, अब यह फीचर खुद ही सभी जरूरी सिक्योरिटी सेटिंग्स को इनेबल कर देता है। इसे चालू करने के लिए WhatsApp खोलें, फिर Settings > Privacy > Advanced में जाएं। यहां आपको यह नया फीचर दिखाई देगा। फिलहाल यह धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए रोल-आउट किया जा रहा है।
स्ट्रिक्ट अकाउंट सेटिंग फीचर के तहत अनजान नंबरों से आने वाले फोटो, वीडियो और डॉक्यूमेंट अपने-आप ब्लॉक हो जाते हैं। इससे मालवेयर फैलने का खतरा कम हो जाता है। अनजान कॉल्स साइलेंट हो जाती हैं और अलग कॉल लॉग में चली जाती हैं, जिससे फर्जी कॉल और स्पूफिंग से बचाव होता है। इसके अलावा लिंक प्रीव्यू भी बंद हो जाता है, जिससे आपका IP एड्रेस सुरक्षित रहता है। साथ ही आपकी लास्ट सीन और अबाउट डिटेल केवल सेव्ड कॉन्टैक्ट्स को ही दिखाई देती है, जिससे प्राइवेसी और मजबूत हो जाती है।