(WhatsApp Privacy Tips/ Image Credit: Pexels)
WhatsApp Privacy Tips: आज के समय में WhatsApp हमारी रोजमर्रा जरूरत का अहम हिस्सा बन चुका है। ऑफिस का काम हो, जरूरी फाइल भेजनी हो, परिवार से बात करनी हो या दोस्तों के साथ चैट करनी हो, हर जगह इसका इस्तेमाल होता है। लेकिन इतने उपयोग के बावजूद कई लोग इसकी जरूरी प्राइवेसी सेटिंग्स पर ध्यान नहीं देते, जिससे उनकी निजी जानकारी खतरे में पड़ सकती है।
WhatsApp में ‘Chat Lock’ नाम का एक खास फीचर दिया गया है। इसकी मदद से आप अपनी निजी चैट को फिंगरप्रिंट, फेस आईडी या पासकोड से लॉक कर सकते हैं। लॉक की गई चैट मुख्य चैट लिस्ट से हट जाती है और अलग सुरक्षित फोल्डर में चली जाती है। यह फीचर तब बहुत उपयोगी होता है जब आप अपना फोन दूसरों के साथ भी शेयर करते हैं।
आपकी प्रोफाइल फोटो और जानकारी हर किसी को दिखे, यह जरूरी नहीं है। इसे आप WhatsApp में सेट कर सकते हैं कि आपकी प्रोफाइल फोटो सिर्फ आपके कॉन्टैक्ट्स या चुनिंदा लोगों को ही दिखाई दे। इससे अनजान लोगों को आपकी निजी जानकारी देखने से रोका जा सकता है और इससे आपकी प्राइवेसी बेहतर रहती है।
अगर आप चाहते हैं कि सामने वाले को पता न चले कि आपने मैसेज पढ़ लिया है, तो ‘Read Receipts’ बंद कर सकते हैं। इसी तरह आप अपना ‘Last Seen’ और ‘Online Status‘ भी छुपा सकते हैं। इससे लोग यह नहीं जान पाएंगे कि आप कब ऑनलाइन थे, जिससे आपको ज्यादा प्राइवेसी मिलती है।
कई बार बिना पूछे हमें ऐसे WhatsApp ग्रुप में जोड़ दिया जाता है, जिसमें हम नहीं होना चाहते। इस समस्या से बचने के लिए आप सेटिंग बदल सकते हैं, जिससे केवल आपके कॉन्टैक्ट्स ही आपको ग्रुप में जोड़ सकें। इससे अनचाहे मैसेज और नोटिफिकेशन काफी हद तक कम हो जाते हैं।
WhatsApp में दो-स्तरीय सुरक्षा यानी ‘Two-Step Verification‘ फीचर भी मिलता है। इसमें एक पिन सेट किया जाता है, जो अकाउंट लॉगिन के समय जरूरी होता है। इससे अगर किसी के पास आपका सिम भी आ जाए, तब भी वह आसानी से आपका WhatsApp नहीं खोल सकता।
सेंसिटिव चैट्स के लिए ‘Disappearing Messages‘ फीचर काफी उपयोगी है। जिसमें मैसेज कुछ समय बाद अपने आप डिलीट हो जाते हैं। साथ ही समय-समय पर ऐप की परमिशन भी चेक करनी चाहिए और कैमरा, माइक्रोफोन या स्टोरेज की एक्सेस केवल जरूरत के अनुसार ही देनी चाहिए। इससे आपकी निजी जानकारी ज्यादा सुरक्षित रहती है।