लखनऊ, आठ जून (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी (सिपाही) सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के पहले दिन लगभग 25 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया मंचों और विभिन्न जिलों के परीक्षा केंद्रों पर कुछ अभ्यर्थियों द्वारा अनुचित साधनों के उपयोग के मामलों में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारियां की गई हैं। परीक्षा से जुड़ी गलत जानकारी फैलाने और अनुचित तरीकों के इस्तेमाल के आरोप में कुल पांच मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा सोमवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों के 1,183 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। यह परीक्षा मंगलवार और बुधवार को भी जारी रहेगी।
आधिकारिक बयान के अनुसार, आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के लिए सोमवार को लिखित परीक्षा में 9,62,832 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 7,23,540 अभ्यर्थी (75.15 प्रतिशत) परीक्षा में शामिल हुए, जबकि करीब 25 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा सोशल मीडिया मंचों और परीक्षा केंद्रों पर हुई आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
बयान के अनुसार, लखनऊ के थाना हुसैनगंज में शनिवार को सोशल मीडिया मंच टेलीग्राम चैनल ‘यूपीपी एग्जाम पेपर’ के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा सोमवार को इसी थाने में इंस्टाग्राम आईडी ‘यूपी-पुलिस-लीक’ के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
आजमगढ़ में इंस्टाग्राम उपयोगकर्ता आशुतोष कुमार मौर्य के खिलाफ बिलरियागंज थाने में मामला दर्ज किया गया और उसे हिरासत में लिया गया है। वहीं, हापुड़ जिले के पिलखुआ स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी सचिन (निवासी अमरोहा) के खिलाफ प्रतिबंधित मोबाइल मिलने और अनुचित आचरण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। उस पर शौचालय में जाकर देर से लौटने और मोबाइल बरामद होने का आरोप है।
इसी तरह गोरखपुर जिले के नीना थापा इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी राम प्रकाश कुमार (निवासी बेलवरिया, नालंदा, बिहार) के खिलाफ एम्स थाने में प्रतिबंधित मोबाइल के उपयोग के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है।
बयान में कहा गया है कि ऐसे आपराधिक कृत्यों में संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, तीन दिनों तक चलने वाली इस भर्ती प्रक्रिया के तहत 32,679 पदों के लिए कुल 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए प्रदेशभर में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक संचालित हो रही है। अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र हल करने के लिए निर्धारित समय के अतिरिक्त पांच मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के महानिदेशक एस.बी. शिरडकर ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन की व्यापक तैयारियां की गई हैं।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है तथा अभ्यर्थियों की पहचान और प्रवेश प्रक्रिया के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षकों और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
आधिकारिक बयान के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राज्य परिवहन निगम की बसों में किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी गई है। यह निर्णय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लिया गया है।
भाषा
आनन्द रवि कांत