फतेहपुर सीकरी में हजरत शेख सलीम चिश्ती के 456वें उर्स की शुरुआत 10 मार्च से

फतेहपुर सीकरी में हजरत शेख सलीम चिश्ती के 456वें उर्स की शुरुआत 10 मार्च से

फतेहपुर सीकरी में हजरत शेख सलीम चिश्ती के 456वें उर्स की शुरुआत 10 मार्च से
Modified Date: March 8, 2026 / 08:02 pm IST
Published Date: March 8, 2026 8:02 pm IST

आगरा, आठ मार्च (भाषा) आगरा के फतेहपुर सीकरी स्थित हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह में 456वें सालाना उर्स मुबारक की ‘सूफियाना तकरीब’ की शुरुआत 10 मार्च को पारंपरिक रस्म से होगी। आयोजकों ने रविवार को यह जानकारी दी।

हजरत शेख़ सलीम चिश्ती फ़ाउंडेशन के चेयरमैन और दरगाह के सज्जादा नशीन पीरजादा अरशद फरीदी चिश्ती ने बताया कि उर्स के अवसर पर दो दिवसीय ‘रंग-ए-सूफियाना’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के सूफी संत, शायर और गायक हजरत शेख सलीम चिश्ती को खिराज-ए-अकीदत पेश करेंगे।

उन्होंने बताया कि ‘रंग-ए-सूफियाना’ कार्यक्रम का उद्घाटन 24 मार्च को सांसद राजकुमार चाहर करेंगे।

आयोजकों के अनुसार, दरगाह के सज्जादा नशीन हजरत पीरजादा अयाजुद्दीन चिश्ती उर्फ रईस मियां की सरपरस्ती में इस अवसर पर विशेष फातिहा-ख्वानी और सामूहिक दुआ का आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि उर्स के दौरान हजरत शेख सलीम चिश्ती की चिल्ला-गाह (मंडफ) में संरक्षित प्राचीन तबर्रुकात की भी जियारत कराई जाएगी।

उर्स कार्यक्रम के अनुसार 11 मार्च से 18 मार्च तक प्रतिदिन नमाज-ए-असर के बाद बुलंद दरवाजा पर मजलिस आयोजित होगी और नानखताई, चंदन तथा लंगर का वितरण किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि 17 मार्च की रात विशेष महफिल-ए-समा (कव्वाली) आयोजित की जाएगी, जबकि 19 मार्च को तड़के करीब साढ़े तीन बजे मजार शरीफ पर कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी।

चिश्ती ने बताया कि 25 मार्च को बाबा फरीद की फातिहा के साथ उर्स का समापन होगा।

भाषा खारी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में