उप्र : गोरखपुर में बच्चे की गर्दन पर चाकू रखकर पांच लाख रुपये के गहनों की लूट

Ads

उप्र : गोरखपुर में बच्चे की गर्दन पर चाकू रखकर पांच लाख रुपये के गहनों की लूट

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 08:26 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 08:26 PM IST

गोरखपुर, एक सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र के तिघरा गांव में चार नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर नौ महीने के बच्चे की गर्दन पर चाकू रख दिया और परिवार को धमकाकर करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने लूट लिए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोमवार रात करीब एक बजे घर के पीछे के दरवाजे से अंदर घुसे। उस समय करण गुप्ता की पत्नी पूजा अपनी नौ महीने की बेटी को लेकर नीचे आई थीं।

पुलिस ने बताया कि घुसपैठियों ने कथित तौर पर बच्ची को पूजा की गोद से छीन लिया और उसकी गर्दन पर तेज धार वाला चाकू रख दिया। उन्होंने परिवार को शोर नहीं मचाने की चेतावनी दी।

अपनी बेटी की जान को खतरा देखते हुए पूजा ने कमरे का दरवाजा खोला और अलमारी तथा बक्सों में रखे गहने बदमाशों को सौंप दिए।

पुलिस के अनुसार, कीमती सामान लेकर भागने से पहले बदमाशों ने पूजा को उनके पहने हुए झुमके, नोज पिन (कील) और मंगलसूत्र भी उतारने के लिए मजबूर किया।

पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीपीगंज के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) राकेश रोशन ने बताया कि आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

भाषा

सं, आनन्‍द रवि कांत