सामूहिक विवाह योजना में दिये गये गद्दों पर टीएमसी के झंडे से मिलती-जुलती छपाई, मामला दर्ज
सामूहिक विवाह योजना में दिये गये गद्दों पर टीएमसी के झंडे से मिलती-जुलती छपाई, मामला दर्ज
उन्नाव (उप्र), 26 जुलाई (भाषा) उन्नाव जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नवदंपतियों को वितरित गद्दों पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के झंडे से मिलती-जुलती छपाई पाए जाने के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है।
मुख्य विकास अधिकारी कृति राज ने 24 जुलाई को डॉक्टर वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 459 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया था और हर जोड़े को दो-दो गद्दे सहित उपहार सामग्री वितरित की गई थी।
जिला प्रशासन द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक कृति राज की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है और जांच में 918 गद्दों में से एक या दो गद्दों के कवर पर ऐसी डिजाइन पाई गई, जो एक राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न अथवा झंडे से मेल खाती प्रतीत होती है।
बयान के मुताबिक रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने संबंधित आपूर्तिकर्ता फर्म के खिलाफ कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज कराने और उसे भविष्य में काम नहीं देने के निर्देश दिये हैं। साथ ही उपहार सामग्री प्राप्त करने वाले पटल सहायक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी ने इसके अलावा सामग्री का परीक्षण कर वितरण करने के लिए नामित सहायक विकास अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित करने तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यह मामला उस समय चर्चा में आया जब कार्यक्रम के बाद कुछ गद्दों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं। तस्वीरों में हरे और सफेद रंग की प्रिंटिंग दिखाई देने पर इसे तृणमूल कांग्रेस के झंडे से मिलता-जुलता बताया गया। हालांकि प्रशासन ने यह पुष्टि नहीं की कि छपाई वास्तव में किसी राजनीतिक दल से संबंधित है।
भाषा सं. सलीम आशीष
आशीष

Facebook


