बलिया में एक व्यक्ति ने पत्नी और सास की चाकू से हमलाकर की हत्या, ससुर भी गंभीर रूप से घायल

Ads

बलिया में एक व्यक्ति ने पत्नी और सास की चाकू से हमलाकर की हत्या, ससुर भी गंभीर रूप से घायल

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 11:50 AM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 11:50 AM IST

बलिया (उप्र), 26 अप्रैल (भाषा) बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के हसनपुर उर्फ बछईपुर छोटकापुरा गांव में एक युवक ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर अपनी पत्नी और सास की हत्या कर दी तथा ससुर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए तीन टीम गठित की गई हैं।

उसने बताया कि गड़वार थाना क्षेत्र के सिंघाचवर गांव निवासी अमित कुमार गुप्ता शनिवार रात करीब साढ़े बारह बजे ससुराल पहुंचा और छत के रास्ते घर में घुस गया।

पुलिस ने बताया कि उसने पत्नी प्रीति गुप्ता (23) व सास सुशीला देवी (55) के गले पर चाकू से वार कर हत्या कर दी और बचाने आए ससुर अंतू गुप्ता (60) पर भी हमला कर दिया जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया।

उसने बताया कि अंतू को वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान अमित ने बीच-बचाव करने आई अपनी साली कीर्ति का गला दबाने का भी प्रयास किया और बाद में फरार हो गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस, ‘स्वाट’, ‘सर्विलांस’ और ‘फील्ड यूनिट’ मौके पर पहुंची।

रसड़ा क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आलोक गुप्ता ने बताया कि कीर्ति की तहरीर के आधार पर अमित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने कहा, ‘‘अमित का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी कारण पहले पत्नी पर हमला किया, फिर बचाने आए सास-ससुर पर भी वार कर दिया।’’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अमित की शादी पांच साल पहले हुई थी और उसकी पत्नी एक माह पहले मायके आई थी।

उन्होंने बताया कि अमित कुछ दिन पहले ससुराल से लौटा था। आरोपी का तीन वर्ष का एक बेटा है।

भाषा सं आनन्द

खारी

खारी