अलीगढ़ जमीन विवाद: पुलिस पर पथराव के मामले में 18 लोग गिरफ्तार, गांव में तनाव

Ads

अलीगढ़ जमीन विवाद: पुलिस पर पथराव के मामले में 18 लोग गिरफ्तार, गांव में तनाव

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 09:54 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 09:54 PM IST

अलीगढ़ (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) अलीगढ़ जिले के रोरावार थाना क्षेत्र के नौगवां अर्जुनपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसा के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार रविवार को पथराव में कम से कम तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें पुलिस निरीक्षक महेश चंद, कांस्टेबल दीपक कुमार और पवन कुमार शामिल हैं।

यह घटना तब हुई जब स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम का विरोध किया। पुलिस टीम जमीन विवाद के बाद हुई हिंसा में शामिल होने के आरोप में वांछित एक व्यक्ति, मेहदी हसन को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही थी।

पुलिस अधीक्षक (नगर) आदित्य बंसल ने बताया कि रविवार को दो परिवारों के बीच जमीन विवाद में वांछित मेहदी हसन को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध किया।

इस दौरान पथराव में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। झड़प के दौरान उपद्रवियों ने एक पुलिस निरीक्षक की सर्विस रिवॉल्वर भी छीन ली, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पांच हजार की आबादी वाले गांव में ज्यादातर घरों के दरवाजों पर ताले लटके हैं, क्योंकि अधिकतर ग्रामीण वहां से भाग चुके हैं। एहतियाती कदम के तौर पर वहां पीएसी की एक बड़ी टुकड़ी तैनात की गई है।

एसपी ने बताया कि हिंसा में मुख्य आरोपी मेहदी हसन समेत 18 लोगों को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेजा गया है।

इस मामले में 38 नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा डालने और हमला जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

एसपी बंसल ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

भाषा सं आनन्द संतोष

संतोष