अलीगढ़, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ शहर के बाहरी इलाके में एक निर्माणाधीन मकान से व्यवसायी का शव मिलने की घटना के सिलसिले में पुलिस ने उसके पड़ोसी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक व्यवसायी की हत्या उसके पड़ोसी ने कर्ज देने से इनकार करने पर की।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कन्हैया के रूप में हुई है। कन्हैया को उसके तीन साथियों-प्रमोद, नंदा और अजय के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि इन तीनों सहयोगियों को कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने के लिए रखा गया था।
पुलिस ने बताया कि मृतक नरोत्तम सिंह एक पेट्रोल पंप के मालिक थे। वह सोमवार दोपहर से ही लापता थे। बाद में उनका शव एक गांव में निर्माणाधीन मकान से बरामद किया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि नरोत्तम सिंह को आखिरी बार अपने पड़ोसी कन्हैया के साथ दोपहिया वाहन पर जाते हुए देखा गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया और बुधवार शाम आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान कन्हैया ने कथित तौर पर अपराध कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह अपने मकान के निर्माण के लिए नरोत्तम सिंह से कर्ज मांग रहा था, लेकिन सिंह बार-बार मना कर रहे थे, जिससे वह नाराज हो गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “कर्ज देने से इनकार करने पर नाराज होकर आरोपी ने साजिश रची और अपने साथियों की मदद से हत्या को अंजाम दिया।”
पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा
सं, जफर मनीषा रवि कांत