Bahraich Petrol Diesel Control Room / Image Source : SCREENGRAB
बहराइच : Bahraich Petrol Diesel Control Room उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस की किल्लत न हो, इसके लिए प्रशासन ने एक नई पहल की है। जिलाधिकारी के आदेश पर कलेक्ट्रेट में एक ‘इमरजेंसी कंट्रोल रूम’ बनाया गया है। अगर आपको पेट्रोल पंप या गैस एजेंसी से जुड़ी कोई भी समस्या है, तो आप यहाँ फोन करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित यह सुविधा अवकाश के दिनों में भी एक्टिव रहेगी, जहाँ तैनात अधिकारी 24 घंटे के भीतर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। बता दें यह कंट्रोल रूम सुबह 8 से रात 8 बजे तक खुला रहेगा।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि शासन के निर्देश पर जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं एल.पी.जी. आदि की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने तथा आपूर्ति में आ रही समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय, बहराइच में इमरजेंसी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।LPG Cylinder Shortage यह कंट्रोल रूम प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक संचालित रहेगा। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 05252-230132 तथा टोल फ्री नंबर 1077 है। यह कंट्रोल रूम अवकाश के दिनों में भी खुला रहेगा।
डीएम त्रिपाठी ने बताया कि इमरजेंसी कंट्रोल रूम के संचालन हेतु 03 शिफ्टों में कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रथम पाली (प्रातः 08:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक) में विपणन निरीक्षक शिवम पटेल (मो.न. 9643257456) व भारत गैस के अनिरुद्ध तिवारी (मो.न. 9076959377), द्वितीय पाली (दोपहर 12:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक) में पूर्ति निरीक्षक सैय्यद एजाज हुसैन (मो.न. 6392566376), विपणन निरीक्षक राकेश कुमार (मो.न. 9838849105) तथा विकास गैस सर्विस पयागपुर के रवि कुमार तिवारी (मो.न. 9125948326) और तृतीय पाली (शाम 04:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक) में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी राजीव कुमार (मो.न. 8004178934) एवं वेदांत इण्डेन गैस के हरिओम (मो.न. 8755968798) की ड्यूटी लगाई गई है।
इमरजेंसी कंट्रोल रूम में तैनात कार्मिकों का दायित्व होगा कि एल.पी.जी., डीजल एवं पेट्रोल के संबंध में प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं को नियत पंजिका में दर्ज करते हुए संबंधित गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पंप के माध्यम से नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण समाधान कराएंगे। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों द्वारा दर्ज की गई शिकायतों का निस्तारण 24 घंटे के भीतर किए जाने की समीक्षा हेतु अतिरिक्त मजिस्ट्रेट लालधर सिंह यादव (मो.न. 8840885231) तथा क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रवि कुमार सिंह (मो.न. 9452180165) को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।