झांसी जिले में बीएलओ ने काम के दबाव में किया आत्महत्या का प्रयास: परिवार का दावा

Ads

झांसी जिले में बीएलओ ने काम के दबाव में किया आत्महत्या का प्रयास: परिवार का दावा

  •  
  • Publish Date - December 10, 2025 / 11:41 PM IST,
    Updated On - December 10, 2025 / 11:41 PM IST

झांसी (उप्र), 10 दिसंबर (भाषा) झांसी जिले के मऊरानीपुर विकास खंड में बीएलओ के तौर पर तैनात एक ग्राम रोजगार सेवक ने बुधवार को कथित तौर पर काम के दबाव के कारण कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया।

बीएलओ को पहले मऊरानीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, कर्मचारी नाथूराम आर्य को सौंपा गया विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य पिछले सप्ताह ही पूरा हो गया था।

मऊरानीपुर की एसडीएम श्वेता साहू ने कहा, ‘कोई भी एसआईआर कार्य लंबित नहीं था। उन्होंने यह कदम किसी अन्य दबाव या व्यक्तिगत तनाव के कारण उठाया होगा, जिसकी जांच की जा रही है।’’

हालांकि, परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि एसआईआर पूरा करने के बावजूद, उन पर विभाग के अतिरिक्त कार्य का भार डाला जा रहा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में इंटरनेट कनेक्टिविटी ठीक नहीं होने के कारण कार्यभार तनावपूर्ण बन गया था, जिसके कारण उन्हें कीटनाशक खा लिया।

घटना के तुरंत बाद, एसडीएम, तहसीलदार और अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया। जिला प्रशासन द्वारा देर रात जारी एक बयान में भी पुष्टि की गई कि नाथूराम की हालत स्थिर है और उन्हें मेडिकल कॉलेज में उचित चिकित्सा देखभाल मिल रही है।

राज्य में जारी एसआईआर प्रक्रिया के बीच बीएलओ द्वारा इस तरह का कदम उठाए जाने की यह एक और घटना है, पिछले कुछ हफ्तों में राज्य में पांच मौतें हो चुकी हैं।

भाषा सं जफर शोभना

शोभना