गोरखपुर में सरयू नदी में नहाते समय डूबने से भाई-बहन की मौत

गोरखपुर में सरयू नदी में नहाते समय डूबने से भाई-बहन की मौत

गोरखपुर में सरयू नदी में नहाते समय डूबने से भाई-बहन की मौत
Modified Date: May 24, 2026 / 06:50 pm IST
Published Date: May 24, 2026 6:50 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 24 मई (भाषा) गोरखपुर जिले के गोला इलाके में रविवार को सरयू नदी में नहाते समय डूबने से भाई-बहन की मौत हो गई।

पुलिस ने यह बताया कि सिकरीगंज थाना क्षेत्र के उसरी गांव के रहने वाले प्रिंस (11) और उसकी बहन शिवानी (13) स्कूल की छुट्टियों के दौरान मेहदा गांव में अपने ननिहाल आए थे।

पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह करीब नौ बजे वे अपनी बुआ माया (16) के साथ सरयू नदी के पास स्थित एक हनुमान मंदिर में दर्शन करने गए थे।

पुलिस ने कहा कि पूजा करने के बाद वे तीनों सरयू नदी में स्नान करने के लिए उतरे और इस दौरान प्रिंस गहरे पानी में बह जाने के कारण डूबने लगा और शिवानी ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह भी नदी के तेज बहाव में फंस गई।

पुलिस के अनुसार दोनों बच्चों को डूबता देख माया ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन वह भी गहरे पानी में चली गई।

पुलिस ने बताया कि चीख पुकार सुनकर पास पड़ोस में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और उनमें से चंद्रमा यादव नामक एक युवक ने नदी में उतरकर माया और प्रिंस को बाहर निकाला जबकि शिवानी लापता हो गई।

उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि शिवानी का शव करीब दो घंटे बाद गोताखोरों ने नदी से बाहर निकाला।

गोला के थानाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह ने बताया कि शवों को स्थानीय गोताखोरों की मदद से बरामद किया गया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

भाषा सं सलीम जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में