गोरखपुर, 14 मई (भाषा) अलीगढ़ के बीटेक के एक छात्र ने गोरखपुर के रामगढ़ताल इलाके में अपने छात्रावास के कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र घनेंद्र चौधरी (23) के रूप में हुई है। वह रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के इंदिरानगर इलाके में स्थित एक निजी छात्रावास में अकेले रहता था।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:30 बजे छात्र के कमरे से बाहर न निकलने पर छात्रावास वार्डन ने रामगढ़ताल पुलिस को सूचना दी। लंबे समय तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां छात्र पंखे से लटका हुआ मिला।
सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस को कमरे से एक पन्ने का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
नोट में छात्र ने लिखा, “मैं न तो एक अच्छा बेटा बन सका और न ही एक अच्छा छात्र। मां और पिताजी, कृपया मुझे माफ कर दें। मैं आपकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। मैं अगले जन्म में आपका बेटा बनकर लौटूंगा और आपके सपनों को पूरा करूंगा।”
रामगढ़ताल थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जो गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
भाषा
सं, जफर रवि कांत