लखनऊ, 25 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की शिकायत पर लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सरकारी बयान के अनुसार, आयोग की शिकायत पर लखनऊ के विभूतिखंड थाने में रविवार को मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू कर दी गई है।
राज्य सरकार ने सोमवार को बताया कि इस मामले की जांच की निगरानी पुलिस उपायुक्त (पूर्व), अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्व) और सहायक पुलिस आयुक्त, विभूतिखंड द्वारा की जाएगी।
आयोग ने अपनी शिकायत में कहा कि लेखपाल पद की भर्ती परीक्षा 21 मई को 44 जिलों के 861 परीक्षा केंद्रों पर पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ आयोजित की गई थी।
हालांकि, कुछ असामाजिक तत्वों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और गलत पोस्ट साझा कर परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को गुमराह करने का प्रयास किया।
इन पोस्ट के जरिए सरकार की छवि धूमिल करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की गई।
आयोग ने पहले ही अभ्यर्थियों से अपील की थी कि वे किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें और केवल आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
आयोग ने यह भी आश्वासन दिया है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
भाषा
आनन्द रवि कांत