धर्मांतरण के लिए लालच देने के आरोप में ईसाई उपदेशक गिरफ्तार
धर्मांतरण के लिए लालच देने के आरोप में ईसाई उपदेशक गिरफ्तार
पीलीभीत (उप्र), 25 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पुलिस ने सरकारी नौकरी और सुंदर लड़की से शादी कराने का लालच देकर धर्मांतरण कराने के आरोप में सोमवार को एक ईसाई उपदेशक को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अनोखे सिंह को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद जिले के रहने वाले आरोपी के खिलाफ रविवार देर शाम सेहरामऊ उत्तरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) तथा ‘उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम’ के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थानीय कार्यकर्ता गौरव गुप्ता की शिकायत के आधार पर की गयी है।
मिश्रा के मुताबिक, पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पिछले 20 सालों से ईसाई धर्म का प्रचार कर रहा है और उसने प्रचार कार्य में पूरी तरह से खुद को समर्पित करने के लिए अपनी सात बीघा ज़मीन बेच दी।
मिश्रा ने बताया कि पुलिस सिंह को हो रहे वित्तपोषण के स्रोतों की भी जांच कर रही है।
भाषा सं. सलीम सुरेश
सुरेश

Facebook


