उप्र एटीएस के साथ मुठभेड़ में 30 लाख रुपये का इनामी नक्सली मारा गया, एक बदमाश फरार
उप्र एटीएस के साथ मुठभेड़ में 30 लाख रुपये का इनामी नक्सली मारा गया, एक बदमाश फरार
वाराणसी (उप्र), 20 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने वाराणसी में रविवार सुबह एक मुठभेड़ के दौरान 30 लाख रुपये के इनामी नक्सली बृजेश गंजू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता उर्फ सरदार जी को मार गिराया, जबकि उसका साथी बदमाश फरार हो गया।
उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार बृजेश गंजू प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी का मुख्य सदस्य था और उसके खिलाफ 50 से अधिक मामले दर्ज थे।
एटीएस के अनुसार झारखंड राज्य के चतरा जिले के लावालौंग थानाक्षेत्र निवासी बृजेश गंजू के वाराणसी क्षेत्र में प्रवेश करने और रामनगर थानाक्षेत्र के लंका मैदान की ओर जाने की एक गुप्त सूचना मिली थी। इसके अनुसार इस सूचना के बाद एटीएस की टीम ने मिर्जापुर और सोनभद्र से सटे संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी। उसने बताया कि टीम ने इस दौरान लंका मैदान के पास एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्धों को आते देखा और रोकने का प्रयास किया।
बयान के अनुसार दोनों ने एटीएस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में एटीएस के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) विपिन कुमार राय और मुख्य आरक्षी जितेंद्र कृष्णा घायल भी हुए लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट के कारण दोनों सुरक्षित रहे।
एटीएस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान नक्सली बृजेश गंजू को गोली लगी जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। एटीएस के अनुसार घायल बृजेश को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एटीएस के अनुसार बृजेश गंजु पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। एटीएस के अनुसार बृजेश गंजू पर हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी, आगजनी, लोक सेवकों पर हमला एवं अवैध हथियार और विस्फोटक रखे जाने सहित 50 से अधिक मामले दर्ज थे। एटीएस के अनुसार वह करीब 20 वर्षों से फरार था। एटीएस ने मौके से दो पिस्तौल, एक कार्बाइन, भारी मात्रा में कारतूस और एक लाख रूपये नकद बरामद किया है।
एटीएस के अनुसार मुठभेड़ में शामिल उत्तर प्रदेश एटीएस की टीम को उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) द्वारा दो लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है।
भाषा सं आनन्द रंजन अमित
अमित

Facebook


