गोरखपुर में दसवीं के ‘टॉपर’ की राप्ती नदी में डूबने से मौत, मां ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया

Ads

गोरखपुर में दसवीं के ‘टॉपर’ की राप्ती नदी में डूबने से मौत, मां ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 07:25 PM IST

गोरखपुर, (उप्र) 22 मई (भाषा) गोरखपुर जिले के झंगहा थानाक्षेत्र में राप्ती नदी में नहाते समय एक विद्यार्थी की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इस विद्यार्थी की मां ने उसके दोस्तों पर शैक्षणिक सफलता से ईर्ष्या के चलते उसकी हत्या कर देने का आरोप लगाया है।

पुलिस के मुताबिक अंश मौर्य (16) आदित्य पब्लिक स्कूल में ग्यारहवीं का छात्र था। उसने दसवीं बोर्ड परीक्षा में 91प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया था।

पुलिस के मुताबिक अंश बृहस्पतिवार दोपहर पांच दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। दोपहर करीब तीन बजे परिजनों को उसके डूबने की सूचना मिली। जब रिश्तेदार मौके पर पहुंचे तो वहां अंश के कपड़े और चप्पलें मिलीं, जबकि उसके दोस्त गायब थे।

पुलिस और एसडीआरएफ ने बृहस्पतिवार रात तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन कम रोशनी के कारण अभियान रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह दोबारा तलाशी शुरू हुई। करीब छह घंटे बाद दोपहर एक बजे एसडीआरएफ ने अंश का शव बरामद किया।

अंश की मां प्रतिमा मौर्य अपने दो बेटों के साथ रामनगर में अपने मायके में रहती हैं। उनके पति पंजाब में टाइल ठेकेदार हैं।

प्रतिमा ने आरोप लगाया,‘‘मेरा बेटा टॉपर था और दोस्त उससे ईर्ष्या करते थे। उन्होंने उसे डुबो दिया।’’

पुलिस ने पांचों दोस्तों से पूछताछ की है।

सूत्रों के अनुसार, उनके बयान विरोधाभासी हैं। दोस्तों ने दावा किया कि अंश पूरे कपड़े पहने गहरे पानी में चला गया था, जबकि उसके कपड़े बाद में पास की झाड़ियों से बरामद हुए।

झंगहा के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अनूप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं आनन्द

राजकुमार

राजकुमार