जौहर विवि को ध्वस्त करने के आदेश के मामले में राज्यपाल हस्तक्षेप करें: कांग्रेस

जौहर विवि को ध्वस्त करने के आदेश के मामले में राज्यपाल हस्तक्षेप करें: कांग्रेस

जौहर विवि को ध्वस्त करने के आदेश के मामले में राज्यपाल हस्तक्षेप करें: कांग्रेस
Modified Date: July 23, 2026 / 08:14 pm IST
Published Date: July 23, 2026 8:14 pm IST

लखनऊ (उप्र), 23 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने बृहस्पतिवार को रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को गिराने के रामपुर विकास प्राधिकरण के आदेश के मामले में राज्यपाल के हस्तक्षेप की मांग की।

राय ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को बुधवार को लिखे एक पत्र में कहा, ”रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की ज्यादातर इमारतों को गिराने के प्रस्तावित कदम की खबरों ने छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और पूरे शिक्षा जगत में चिंता पैदा कर दी है। राज्य के संवैधानिक प्रमुख और सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति के तौर पर आपके संवेदनापूर्ण हस्तक्षेप की तुरंत आवश्यकता है।”

पत्र में राय ने यह भी लिखा कि शिक्षा और जन-कल्याण के मकसद से बनाये गये विश्वविद्यालय किसी सरकार, राजनीतिक पार्टी या व्यक्ति की संपत्ति नहीं होते, बल्कि वे देश की बौद्धिक पूंजी, समाज की साझा विरासत और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक धरोहर होते हैं।

उन्होंने पत्र में कहा कि सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन शिक्षण संस्थानों की गरिमा, निरंतरता और उपयोगिता नहीं बदलनी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विश्वविद्यालय वर्ष 2013 से ठीक से काम कर रहा है और इतने सालों में हजारों छात्रों को शिक्षा दे चुका है। उन्होंने पत्र में कहा कि इमारत के विस्तार को लेकर रामपुर विकास प्राधिकरण की तरफ से उठाई गई किसी भी आपत्ति को कानूनी प्रक्रियाओं और प्राधिकरण के तय नियमों के अनुसार सुलझाया जा सकता था।

राय ने कहा, ”जौहर विश्वविद्यालय में अब भी हजारों छात्र पढ़ रहे हैं। वे अलग-अलग धार्मिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उनका भविष्य, उनकी शिक्षा और उनके सपने किसी भी प्रशासनिक विवाद से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं। किसी भी फैसले में सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी इन मासूम छात्रों के हितों की रक्षा करना होना चाहिए। साथ ही इस शिक्षण संस्थान में काम करने वाले कई कर्मचारी और शिक्षक अपने परिवार का गुजारा यहीं से करते हैं।’’

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने अपने पत्र में यह भी लिखा, ”आज का फैसला कल के लिए प्रशासनिक मिसाल बनेगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था में, आज तय किए गए नियम भविष्य के प्रशासनिक कामकाज का आधार बनते हैं।”

रामपुर विकास प्राधिकरण ने गत 15 जुलाई को मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की 40 में से 38 इमारतों को यह कहते हुए ढहाने का आदेश दिया था कि उनका निर्माण प्राधिकरण की मंजूरी लिये बगैर कराया गया था।

आजम खान इस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और संस्थान के संचालनकर्ता ट्रस्ट के अध्यक्ष थे।

भाषा सलीम

संतोष

संतोष


लेखक के बारे में