मथुरा में संदिग्ध परिस्थितियों में गोरक्षक ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत

मथुरा में संदिग्ध परिस्थितियों में गोरक्षक ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत

मथुरा में संदिग्ध परिस्थितियों में गोरक्षक ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत
Modified Date: March 22, 2026 / 12:44 am IST
Published Date: March 22, 2026 12:44 am IST

मथुरा/वाराणसी (उप्र), 21 मार्च (भाषा) मथुरा जिले में शनिवार तड़के हरियाणा बॉर्डर के समीप ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से मशहूर गोरक्षक बाबा चंद्रशेखर की राजमार्ग पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे आक्रोशित भीड़ ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया और वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस बीच सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे घटना से संबंधित वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस ने लोगों को हटाने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियों पर हमला किया तथा वाहनों के शीशे तोड़ दिए और गाड़ियां क्षतिग्रस्त कर दीं।

पुलिस ने इसके बाद दंगाईयों को काबू में करने के लिए पहले हल्का बल प्रयोग किया और फिर आंसू गैस के गोले भी छोड़े। बाबा के समर्थकों का आरोप है कि बाबा कोटवन बॉर्डर क्षेत्र में नबीपुर के समीप गोवंश से लदे एक ट्रक को रोकने का प्रयास कर रहे थे, तभी गो-तस्करों ने उन्हें कुचलकर मार डाला।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक लोगों ने माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की तो पुलिस ने बल प्रयोग भी किया और आंसू गैस के गोले भी दागे।

उन्होंने बताया कि बाबा के अनुयायी ही उनका दाह संस्कार करने के लिए शव को आजनौख गांव स्थित उनकी गोशाला पर ले गए थे। अब यदि वे पोस्टमॉर्टम कराना चाहेंगे तो अवश्य कराया जाएगा, अन्यथा उनके लिखित रूप में देने पर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।

उन्होंने फोन पर हुई बातचीत में स्पष्ट किया कि इस मामले में चार से पांच लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ की जा रही है। मामले की पूरी जांच की जाएगी।

एसएसपी ने कहा कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में कर राजमार्ग चालू कर दिया गया है और इलाके में एहतियातन भारी पुलिस बल लगा दिया गया है।

दूसरी तरफ, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने एक बयान जारी कर हंगामा कर रहे लोगों का भ्रम दूर करने का प्रयास किया कि फरसा वाले बाबा आज तड़के चार बजे हरियाणा सीमा थाना क्षेत्र कोसीकलां पर वाहन में गोवंश होने की सूचना पर अपने शिष्यों के साथ नगालैंड नंबर के एक कंटेनर को रोककर जांच कर रहे थे।

बयान के मुताबिक उक्त कंटेनर में साबुन, फिनाइल, शैम्पू आदि सामान भरा हुआ था। उसी दौरान घने कोहरे के कारण पीछे से राजस्थान नंबर के एक ट्रक की टक्कर से दुर्घटना हो गई जिसमें तार भरा हुआ था। घटना में बाबा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। ट्रक चालक घायल है और ट्रक क्षतिग्रस्त है।

उन्होंने कहा है कि लोगों द्वारा फैलाई गई भ्रामक सूचना के कारण जाम व पथराव की घटना हुई है।

उन्होंने आश्वस्त किया है कि घटना के संबंध में हर पहलू से तथा सभी आरोपों की जांच की जाएगी।

इस बीच, ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरनंद सरस्वती ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने दावा किया था कि अब उत्तर प्रदेश में कोई गाय को खरोंच भी नहीं लगा पाएगा। लेकिन हो इसके उल्टे रहा है। मथुरा में गोतस्करों ने एक गौ भक्त बाबा की हत्या कर दी।

उन्होंने कहा कि गोतस्करों का मन इतना बढ़ा हुआ है कि उन्होंने गोरक्षक चंद्रशेखर के ऊपर ही ट्रक चढ़ा दिया। योगी आदित्यनाथ गौ माता की रक्षा करने में असफल हैं, उनके बुलडोजर की धमक समाप्त हो चुकी है।

भाषा सं आनन्द राजेंद्र सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में