बांदा (उप्र), 19 फरवरी (भाषा) बांदा जिले की अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में ले जाकर नाबालिग दलित किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और इस घटना में शामिल एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अतर्रा क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) प्रवीण यादव ने बताया कि होटल में 15 वर्षीय दलित किशोरी से कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने बुधवार को गिरवां थाना क्षेत्र के सहेवा गांव निवासी महेश कुशवाहा (18), शक्ति सिंह (19) को गिरफ्तार किया और इस घटना में शामिल 15 वर्षीय किशोर को भी पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि घटना मंगलवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे हुई।
सीओ ने बताया कि आरोप है के दलित किशोरी अपनी एक सहेली के साथ अतर्रा कस्बे के बाजार गई थी और उसे मोटरसाइकिल सवार तीनों आरोपी कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर अर्द्ध बेहोशी की हालत में स्टेशन रोड स्थित एक होटल में ले गए जहां उन्होंने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में उसे केन नहर पुल के नीचे फेंक कर फरार हो गए।
यादव ने बताया कि बुधवार को पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर यौन अपराध से बच्चों की सुरक्षा (पॉक्सो) सहित बलात्कार संबंधी धाराओं में मामला दर्जकर जांच शुरू की गई और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक पीड़िता का पूर्व परिचित है।
भाषा सं सलीम अमित सुरभि
सुरभि