बहराइच में किशोरी की हत्या के आरोप में पिता गिरफ्तार

Ads

बहराइच में किशोरी की हत्या के आरोप में पिता गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 11:32 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 11:32 PM IST

बहराइच (उप्र), 12 मई (भाषा) बहराइच जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम प्रसंग से नाराज होकर अपनी 17 वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रिसिया थाना प्रभारी करुणाकर पांडे ने बताया कि थाना क्षेत्र के भगतापुर गांव निवासी हरदेव की बेटी संगीता दो महीने पहले गांव के एक युवक के साथ चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने लड़की को बरामद कर युवक को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में परामर्श के पश्चात लड़की को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया ।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को संगीता बिना बताए घर से चली गई थी और लौटने पर उसने परिजनों को बताया कि वह बाग में गई थी।

उसने बताया कि इसी बात और अन्य कारणों को लेकर पिता उससे नाराज थे। सोमवार रात पिता-पुत्री के बीच कहासुनी हुई।

पुलिस ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे हरदेव ने बेटी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को घटना की जानकारी दी। पत्नी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

उसने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी