फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के निर्देशक और उनकी टीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Ads

फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के निर्देशक और उनकी टीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 04:10 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 04:10 PM IST

लखनऊ, छह फ़रवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने फिल्म ‘‘घूसखोर पंडत’’ के निदेशक और उनकी टीम के खिलाफ एक जाति विशेष को अपमानित करने और वैमनस्यता फैलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

हजरतगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विक्रम सिंह ने बृहस्पतिवार को खुद यह प्राथमिकी दर्ज कराई।

विक्रम सिंह ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में दावा किया कि यह फ़िल्म समाज में वैमनस्यता बढ़ाने और एक जाति विशेष को अपमानित करने का कारण बन रही है, इसलिए प्राथमिकी दर्ज करानी पड़ी।

पुलिस के मुताबिक, फिल्म का नाम और इसकी कहानी एक खास जाति और समुदाय, खासकर ब्राह्मण समाज को गलत तरीके से दिखाती है। इससे लोगों में नाराजगी फैल सकती है और कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा है।

यह प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (धर्म, जाति और भाषा के आधार पर वैमनस्यता को बढ़ावा देना), 299 (जानबूझकर द्वेषपूर्ण तरीके से किसी वर्ग की भावनाओं को आहत करना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 353 (सार्वजनिक उपद्रव से संबंधित) और सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम की धारा 66 के तहत दर्ज की गई है।

यह प्राथमिकी ‘घूसखोर पंडत’ फ़िल्म के निदेशक एवं उनकी टीम के खिलाफ दर्ज की गई है।

एसएचओ ने दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा है कि ओटीटी मंच नेटफ्लिक्स पर एक फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ रिलीज की जा रही है।

उन्होंने शिकायत की है कि इस फिल्म का नाम एक विशेष जाति को चिह्नित कर उसे अपमानित करता है जिससे उस जाति विशेष में काफी रोष व्याप्त है।

प्राथमिकी के अनुसार, कई सामाजिक संगठन एवं संस्थाओं की उक्त फिल्म को लेकर उग्र प्रदर्शन करने की तैयारी भी है। निदेशक द्वारा प्रसारित की गई इस फिल्म से समाज में सौहार्द एवं शांति बिगड़ने एवं समुदायों के बीच वैमनस्यता फैलने की आशंका है।

इस बीच एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समाज में सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक/जातिगत भावनाओं को आहत करने वालों के विरुद्ध कत्तई बर्दाश्त नहीं करने की नीति और ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देशों के तहत ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रचारित-प्रसारित की जा रही आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के निर्देशक के खिलाफ राजधानी लखनऊ के थाना हजरतगंज में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इसमें कहा गया है कि यह कार्रवाई समाज में वैमनस्य फैलाने, धार्मिक एवं जातिगत भावनाओं को आहत करने और शांति व्यवस्था को भंग करने के प्रयास के आरोप में की गई है।

बयान के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई तथा विवेचना प्रचलित है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, प्रचारित-प्रसारित सामग्री और कानूनी प्रावधानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा आनन्द रंजन

रंजन