उप्र : फिरोजाबाद में ट्रक की टक्कर से पति-पत्नी और चार माह की बच्ची की मौत
उप्र : फिरोजाबाद में ट्रक की टक्कर से पति-पत्नी और चार माह की बच्ची की मौत
फिरोजाबाद, एक मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी और उनकी चार माह की बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार रात मोटरसाइकिल सवार दंपति को सामने से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि मृतकों की पहचान गांव पटिया पाढ़म निवासी अजय कुमार, उनकी पत्नी ओमश्री और चार माह की बेटी तृष्णा के रूप में हुई है। दंपति बृहस्पतिवार देर रात एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार जैसे ही बाइक गांव की सड़क से मुख्य मार्ग पर पहुंची, सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


