खनन अधिकारी को कुचलने के प्रयास के आरोप में पांच पर मामला दर्ज

Ads

खनन अधिकारी को कुचलने के प्रयास के आरोप में पांच पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 11:29 AM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 11:29 AM IST

बलिया (उप्र), 27 फरवरी (भाषा) जिला खनन अधिकारी सौरभ कुमार को प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान कार से कुचल कर जान से मारने के प्रयास के मामले में पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है।

पुलिस के अनुसार बलिया शहर कोतवाली में जिला खनन अधिकारी सौरभ कुमार की तहरीर पर बृहस्पतिवार को कमलेश यादव, सोनू यादव, राहुल वर्मा, आशुतोष और एक अज्ञात के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि जिला खनन अधिकारी सौरभ कुमार ने तहरीर में उल्लेख किया है कि वह 25 फरवरी को तड़के तीन बजे सरकारी कार्यों के निर्वहन के क्रम में ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे से महावीर घाट की तरफ सरकारी वाहन से जा रहे थे, तभी एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार उनकी गाड़ी के आगे-पीछे चल रही थी ।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संदेह होने पर जब अधिकारी ने हाथ से कार को रोकने का इशारा किया तो आरोपी ने गाड़ी रोकने के बजाय जान से मारने की कोशिश करते हुए कार को तेजी से आगे बढ़ा दिया।

अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पीछे हटकर अपनी जान बचाई और इस बीच कार उनके सरकारी वाहन से टकरा गई और वह क्षतिग्रस्त हो गया।

जिला खनन अधिकारी की तहरीर पर जांच का आदेश दिया गया और मुकदमा दर्ज किया गया।

कोतवाली प्रभारी क्षितिज त्रिपाठी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

भाषा सं जफर वैभव

वैभव