(फाकिर हसन)
जोहानिसबर्ग, 22 जून (भाषा) दक्षिण अफ्रीका में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया और अनेक स्थानों पर लोगों ने योगाभ्यास किया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम रविवार को डरबन के समुद्र तट पर आयोजित किया गया। डरबन में भारतीय मूल के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं ।
योग दिवस समारोह के आयोजक ‘शिवानंद पीस फाउंडेशन’ ने बताया कि उसने लगभग 4,000 योग प्रेमियों को शामिल करने का अपना लक्ष्य पार कर लिया। विभिन्न समुदायों से आए प्रतिभागियों ने स्थानीय नेताओं के साथ मिलकर अनेक योगासन किए।
इस संस्था की स्थापना कुछ वर्ष पहले ईश्वर रामलछमन ने की थी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की विविध संस्कृतियों के बीच योग को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया।
रामलछमन ने कहा, “डरबन ने अफ्रीकी महाद्वीप में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) के केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर ली है। यह अभ्यास जाति, आयु और पृष्ठभूमि की सीमाओं से परे है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘योग का सार सामंजस्य, सजगता और जुड़ाव-दक्षिण अफ्रीका की ‘उबंटू’ भावना के साथ पूरी तरह मेल खाता है। आज का यह आयोजन स्वास्थ्य, कल्याण और शांति का जीवंत प्रतीक है।”
इस समारोह में अनेक सरकारी अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इनमें सहकारी शासन एवं पारंपरिक मामलों के मंत्री वेलेंकोसिनी ह्लाबिसा भी शामिल थे।
ह्लाबिसा ने कहा, “योग केवल व्यक्तिगत अभ्यास नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता और शांति निर्माण का एक सशक्त माध्यम भी है। जब हम अपने लोगों के बीच स्वस्थ, सजग और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं, तो हम शांतिपूर्ण, एकजुट और सशक्त समुदायों की नींव रखते हैं, जो मिलकर समाज के पुनर्निर्माण में योगदान दे सकते हैं।”
रविवार को भारत के उच्चायुक्त प्रभात कुमार ने प्रिटोरिया स्थित ‘यूनियन बिल्डिंग्स’ में आयोजित योग कार्यक्रम का नेतृत्व किया, जिसमें 400 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगाभ्यास करवाए। इसके अतिरिक्त अलग-अलग स्थानों पर लोगों ने योग दिवस के मौके पर योग किया ।
भाषा रंजन शोभना
शोभना