झांसी, 29 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के मऊरानीपुर इलाके में मंगलवार दोपहर श्राद्ध अनुष्ठान के दौरान पांच लोगों की सुखनई नदी में डूबने से मौत हो गई।
पुलिस ने पांचों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रत्नेश्वर कुमार सिंह ने बताया कि मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के देवी सिंहपुर के रहने वाले कुछ लोग श्राद्ध अनुष्ठान के लिए दोपहर करीब एक बजे सुखनई नदी में स्नान करने उतरे थे, तभी वे डूबने लगे।
सिंह के मुताबिक, इन लोगों को बचाने के लिए परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी गहरे पानी में उतर गए, लेकिन उनकी भी डूबने से मौत हो गई।
सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान अनूप तिवारी (40), उसके 12 वर्षीय बेटे अर्पित, रिश्तेदार अभिनव (24), श्रेयांश (22) और छोटे उर्फ पुष्कर (25) के रूप में हुई है।
भाषा
सं. सलीम पारुल
पारुल