सोनभद्र (उप्र), एक जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस के चार कर्मचारियों को अधिक मुनाफे का लालच देकर फर्जी ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश कराने के नाम पर 25 लाख रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि आरोपियों ने निवेशकों को ‘बोटब्रो’, ‘क्रॉस मार्केट’ और ‘माइनक्रिप्टो’ नाम के ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में धन निवेश करने के लिए प्रेरित किया और 8-10 प्रतिशत मुनाफे का वादा किया।
वर्मा ने बताया कि इसके बाद धन कई बैंक खातों में डाला गया और फिर उसे निकाल लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘जांच की शुरुआत सोनभद्र में तैनात सिपाही दीपक कुमार वर्मा की शिकायत पर हुई। वर्मा ने आरोप लगाया था कि इस फर्जी निवेश योजना के जरिये उसके साथ लगभग 10.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई।’
उन्होंने कहा कि तकनीकी विश्लेषण और बैंकिंग लेनदेन की जांच से पता चला कि इसी गिरोह ने सोनभद्र में तैनात चार पुलिसकर्मियों के साथ इसी तरह कुल 25.03 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
वर्मा ने कहा, ‘सुबूतों के आधार पर लखनऊ निवासी चार आरोपियों -सूफियान, मोहम्मद दानिश, अरशद सिद्दीकी और तुफैल खान- की पहचान की गई और 30 जून को राज्य की राजधानी में की गई छापेमारी के दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया।’
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को बहुत ज्यादा मुनाफे का लालच देकर ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर लाते थे और बाद में धोखाधड़ी से हासिल धन को कई बैंक खातों में डालकर और निकाल कर आपस में बांट लेते थे।
वर्मा ने कहा कि नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने तथा धोखाधड़ी से हासिल बाकी धन बरामद करने की कोशिशें जारी हैं।
भाषा किशोर सलीम अमित सुरेश
सुरेश