मिर्ज़ापुर, 19 फरवरी (भाषा) मिर्जापुर के अहरौरा इलाके में पुलिस ने लूटा गया 3.678 किलोग्राम सोना बृहस्पतिवार को बरामद किया और मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में दो घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि 17 फरवरी को छत्तीसगढ़ स्थित बिलासपुर के एक जौहरी से ये सोना लूटा गया था।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि मुठभेड़ अहरौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनिया दरी के पास बृहस्पतिवार सुबह हुई। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में लूटा गया लगभग पूरा सोना बरामद कर लिया गया है, हालांकि सत्यापन जारी है।
पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ में पूर्वी दिल्ली निवासी विजय लांबा और गौतमबुद्ध नगर निवासी मोनू उर्फ राहुल उर्फ रोहित के पैरों में गोली लगी है।
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान कोटा, राजस्थान के विनोद उर्फ बीनू प्रजापति और उत्तर प्रदेश के बरेली के करीम खान के रूप में हुई।
पुलिस ने कहा कि बरामद वस्तुओं में 1,46,100 रुपये नकद के साथ अंगूठियां, लॉकेट, झुमके और अन्य आभूषण शामिल हैं।
उसने बताया कि आरोपियों के कब्जे से पिस्तौल और कारतूस समेत अन्य हथियार भी जब्त किए गए।
कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने भी अभियान में सहायता की।
भाषा सं जफर शफीक
शफीक