मिर्जापुर (उप्र), आठ जून (भाषा) मिर्जापुर जिले में देहात कोतवाली थानाक्षेत्र के मझिगवां गांव में सोमवार शाम तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव तालाब से बाहर निकाले गये ।
देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अमित मिश्रा ने बताया कि दोनों किशोर कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के सबरी चुंगी के रहने वाले थे और मझिगवां में रिश्तेदारों के घर आए थे।
मिश्रा के अनुसार मृतकों की पहचान बाबू गुप्ता (15) और चंटू (15) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शव निकालने में पुलिस की मदद की। सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारी और राज्य आपदा मोचन बल की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाये गये हैं तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार