सहारनपुर (उप्र), 26 मार्च (भाषा) सहारनपुर जिले के गागलहेड़ी क्षेत्र में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला को बेचने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि पीड़िता की शिकायत पर बुधवार को मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार लता, राहुल और आदेश ने कथित तौर पर महिला को नौकरी का झांसा दिया तथा उसे नोमान उर्फ अज्जू नामक एक व्यक्ति के हाथों डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया।
सूत्रों ने बताया कि जब पीड़िता को इस बारे में पता चला तो उसने इसका विरोध किया जिसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसे एक घर में बंद कर दिया और उसके साथ गाली-गलौज करके जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम ने बुधवार शाम को एक गुप्त सूचना के आधार पर हरौदा ओवरब्रिज के नीचे से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं सलीम राजकुमार
राजकुमार