मिर्जापुर में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहे चार बांग्‍लादेशी नागरिक गिरफ्तार

मिर्जापुर में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहे चार बांग्‍लादेशी नागरिक गिरफ्तार

मिर्जापुर में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहे चार बांग्‍लादेशी नागरिक गिरफ्तार
Modified Date: April 7, 2026 / 09:22 pm IST
Published Date: April 7, 2026 9:22 pm IST

मिर्जापुर (उप्र) सात अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश मिर्जापुर जिले की कटरा कोतवाली पुलिस ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर अवैध रूप से निवास कर रहे चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से चार अदद मोबाइल, फर्जी दस्तावेज बरामद किया। पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बांग्लादेश के ठाकुरगंज जिले के निवासी मोहम्मद सबुज हुसैन, शब्बीर हुसैन, नरेश दास व जयदास के रूप में हुई।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि ‘फर्जी दस्तावेजों के साथ चारों बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।’

उन्होंने बताया कि पुलिस को यह सफलता सोमवार को मिली जब कटरा पुलिस ने क्षेत्र में भ्रमण के दौरान रेलवे स्टेशन मिर्जापुर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा और संदेह होने पर पूछताछ की गयी तो उसने अपना नाम मोहम्मद सबुज हुसैन निवासी बांग्लादेश बताया।

कौशिक के अनुसार, आरोपी ने यह भी बताया कि उसका भाई शब्बीर हुसैन बांग्लादेश से उसे व उसके दो अन्य साथियों को साथ लेकर आया। हुसैन ने बताया कि उसका भाई इस समय डगमगपुर पहाड़ी मिर्जापुर में एक क्रेशर पर कार्य कर रहा है।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त की निशानदेही पर क्रेशर प्लांट से तीन अभियुक्तों शब्बीर हुसैन, नरेश दास व जयदास को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार अदद मोबाइल फोन बरामद किया।

पुलिस ने मोबाइलों से आधार कार्ड व पैन कार्ड, बांग्लादेश की वोटर आईडी व पासपोर्ट सहित अन्य दस्तावेज बरामद किये।

इसके सम्बन्ध में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा नागरिकता अधिनियम और अन्य अधिनियम के तहत कटरा पुलिस कोतवाली में मामला पंजीकृत कर अभियुक्तों को जेल भेज दिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे लोग बांग्लादेश से दलाल को पैसे देकर सीमा, पार कर पश्चिम बंगाल के रायगंज पहुंचे और वहां से कालियागंज रेलवे स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से पहले उप्र के आगरा गए। फिर काम की तलाश में आगरा से मिर्जापुर आये, जहां डगमगपुर पड़री में एक क्रेशर पर अपनी बांग्लादेशी पहचान छुपाकर काम करने लगे।

उन लोगो ने आगे बताया कि शब्बीर व सबूज ने फर्जी तरीके से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर ग्राम दसौती पोस्ट सौधी जिला कैमूर, बिहार के पते पर अपना आधार कार्ड व पैन कार्ड बनवा लिया।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन


लेखक के बारे में