चंदौली में 1.34 लाख रुपये की लूट मामले में तीन स्नातक छात्र समेत चार गिरफ्तार

Ads

चंदौली में 1.34 लाख रुपये की लूट मामले में तीन स्नातक छात्र समेत चार गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 05:36 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 05:36 PM IST

चंदौली (उप्र), 27 मई (भाषा) चंदौली जिले के मुगलसराय थानाक्षेत्र में एक व्यक्ति से हुई 1.34 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने बुधवार को खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार खास बात यह है कि इनमें से तीन आरोपी स्नातक के विद्यार्थी हैं तथा आरोपियों ने जल्द अमीर बनने की चाहत में लूट की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से लूट के 60 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनंत चंद्रशेखर ने प्रेसवार्ता में बताया कि वाराणसी के मुनीब महताब अहमद 21 मई को चंदौली के विभिन्न दुकानदारों से फर्म का तगादा वसूल कर वाराणसी लौट रहे थे।

उन्होंने कहा कि इसी दौरान पड़ाव-भोजपुर मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात युवकों ने महताब के पास मौजूद 1.34 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था ।

उन्होंने कहा कि इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

एएसपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चौरहट के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जिन्होंने पूछताछ में इस वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन श्रीवास्तव, शिवांग पांडेय, देव सरकार और मोहम्मद तारिक के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आर्यन, शिवांग और देव वाराणसी के निवासी हैं, जबकि तारिक बिहार का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक उनमें तीन छात्र हैं तथा फिलहाल वाराणसी में स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद, दो बाइक और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जल्द पैसा कमाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने अपराध का रास्ता चुना।

एएसपी के अनुसार, इस घटना से पहले आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं आनन्द

राजकुमार

राजकुमार