उप्र : मैनपुरी और मुजफ्फरनगर में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत

Ads

उप्र : मैनपुरी और मुजफ्फरनगर में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 09:53 AM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 09:53 AM IST

मैनपुरी/मुजफ्फरनगर (उप्र), 29 अप्रैल (भाषा) मैनपुरी जिले में सड़क दुर्घटना में एक दंपति सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि मुजफ्फरनगर में एक अलग सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई और अन्य महिला घायल हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाएं मंगलवार रात को हुईं।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) गणेश साहा ने बताया कि मैनपुरी में कोतवाली पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत देवी रोड पर शीतला देवी मंदिर के पास दुर्घटना उस वक्त हुई जब एक पिकअप वाहन ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि फिरोजाबाद निवासी पीड़ित धर्मेंद्र सिंह (50), उनकी पत्नी बेबी (48) और तवेपुर गांव के संजय सिंह (40) एक रिश्तेदार के दाह संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे तभी यह घटना हुई।

पुलिस के मुताबिक, पिकअप और वैगन आर कार एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी पिकअप अनियंत्रित हो गई और मोटरसाइकिल से टकरा गई जिससे तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।

साहा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

पुलिस ने कहा कि मंगलवार रात मुजफ्फरनगर के चरथावल कस्बे में एक अलग घटना में रजबहा रोड पर एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से इमराना नामक 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना में एक अन्य महिला घायल हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रविशंकर ने कहा कि दोनों महिलाएं सड़क के किनारे चल रही थीं तभी कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे इमराना नहर में गिर गई। महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, जो वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने कहा कि चालक का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा सं जफर अविनाश सुरभि

सुरभि