उन्नाव (उप्र), 12 जून (भाषा) उन्नाव जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक कार के खड़े ट्रक से टकरा जाने के कारण चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा आसीवन थाना क्षेत्र में हुआ, जब तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने बताया कि कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
उसने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रक को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।
जिला अस्पताल के आपात चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक विश्वकर्मा ने बताया कि दो गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
उनके पास मिले पहचान पत्रों के आधार पर मृतकों की शिनाख्त अनुपम गुप्ता (32) और उदय सिंह (26) के रूप में हुई है। अन्य दो लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
पुलिस ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटा दिया गया है और यातायात सामान्य कर दिया गया है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी