गाजियाबाद में हिरासत से भागने के दौरान आरोपी के घायल होने के मामले में चार पुलिसकर्मी निलंबित

गाजियाबाद में हिरासत से भागने के दौरान आरोपी के घायल होने के मामले में चार पुलिसकर्मी निलंबित

गाजियाबाद में हिरासत से भागने के दौरान आरोपी के घायल होने के मामले में चार पुलिसकर्मी निलंबित
Modified Date: April 10, 2026 / 06:50 pm IST
Published Date: April 10, 2026 6:50 pm IST

गाजियाबाद, 10 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में लापरवाही और कर्तव्यहीनता के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सहायक पुलिस आयुक्त (मोदीनगर) भास्कर वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि पटला नगर पंचायत में कर्मचारी अमित कुमार (35) मंगलवार रात अपने तीन दोस्तों के साथ सार्वजनिक स्थान पर शराब पी रहा था। इसी दौरान निवाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें फटकार लगाई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और अमित को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस के अनुसार, जब अमित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरादनगर में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए ले जाया जा रहा था, तब उसने कथित तौर पर पुलिस वाहन से कूदकर भागने की कोशिश की। वह दिल्ली-मेरठ राजमार्ग की ओर भागा, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है।

आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने शुरुआत में इस दुर्घटना की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी और दावा किया कि आरोपी भागने के दौरान गिरकर घायल हुआ था।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान अमित के साथ मारपीट की गई।

इसके विरोध में बृहस्पतिवार को लोग निवाड़ी थाने के बाहर करीब एक घंटे तक एकत्र हुए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में अधिकारियों द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर स्थिति नियंत्रण में आई।

इसी बीच, राष्ट्रीय लोकदल के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त जे रवीन्द्र गौड़ से मुलाकात कर मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग करते हुए शिकायत सौंपी।

पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बृहस्पतिवार शाम को पटला पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक लोकेन्द्र, उपनिरीक्षक शहीद खान, हेड कांस्टेबल सचिन मोहन और कांस्टेबल नरेंद्र को निलंबित करने का आदेश जारी किया।

पुलिस ने बताया कि निवाड़ी थानाध्यक्ष के.के. मौर्य की भूमिका की भी जांच की जा रही है और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत


लेखक के बारे में