सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुई जुमे की नमाज
सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुई जुमे की नमाज
सहारनपुर/मुजफ्फरनगर (उप्र), 11 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद ढहाए जाने के बाद जुमे की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, कलेक्ट्रेट परिसर में सरकारी जमीन पर बनी अवैध मस्जिद पांच सितंबर को ढहा दी गई थी।
सहारनपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने उस समय पत्रकारों को बताया था कि सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत द्वारा मस्जिद को अवैध घोषित किए जाने के बाद प्रशासन ने उसे ढहाने की कार्रवाई शुरू की।
मस्जिद ढहाए जाने के बाद इस मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया था। समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राज्य सरकार की आलोचना की थी।
मामले को देखते हुए जुमे की नमाज के दौरान पुलिस और प्रशासन ने जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करते हुए पुलिस, पीएसी और आरआरएफ के करीब 1500 जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया।
पूरे जिले में हाई अलर्ट रखा गया और भीड़भाड़ वाले तथा संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के जरिए निगरानी की गई।
पुलिस अधीक्षक (नगर) व्योम बिंदल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे और जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
उन्होंने कहा कि जिले में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण को लेकर बने तनावपूर्ण माहौल के बीच जुमे की नमाज का शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होना प्रशासन के लिए राहत की बात मानी जा रही है।
प्रशासन ने इस दौरान धर्मगुरुओं से संवाद किया और जिले में अमन-शांति बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए। ड्रोन निगरानी के साथ सोशल मीडिया पर डाली जा रहीं पोस्ट पर भी प्रशासन की नजर रही।
इससे पहले दिन में एसएसपी ने पत्रकारों से कहा था कि जुमे की नमाज के मद्देनजर सहारनपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है।
मिश्रित आबादी और संवेदनशील इलाकों में लगातार फ्लैग मार्च, ड्रोन निगरानी और पुलिस गश्त की जा रही है।
एसएसपी के अनुसार, आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और जरूरत पड़ने पर उन्हें हटवाया जा रहा है।
सहारनपुर पुलिस का उद्देश्य जुमे की नमाज को शांतिपूर्वक और सकुशल संपन्न कराना है।
अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी जिला मुजफ्फरनगर में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और पुलिस ने संवेदनशील जगहों पर फ़्लैग मार्च किया और गश्त बढ़ाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया गया।
सहारनपुर में मस्जिद ढहाए जाने के बाद हाई अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी थी।
भाषा सं आनन्द
रंजन रंजन जोहेब
जोहेब

Facebook


