वाराणसी हवाई अड्डे पर 19 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त, थाइलैंड के छह नागरिक गिरफ्तार
वाराणसी हवाई अड्डे पर 19 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त, थाइलैंड के छह नागरिक गिरफ्तार
वाराणसी, एक जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने 19 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का गांजा जब्त कर थाइलैंड के छह नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सीमा शुल्क और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को बैंकॉक से एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान से आए यात्रियों की जांच के दौरान तीन पुरुषों और तीन महिलाओं को पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि नियमित जांच में संदेह होने पर उनके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई और तलाशी के दौरान प्लास्टिक पैकेटों में छिपाया गया 19.7 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त किया गया मादक पदार्थ ‘हाइड्रोपोनिक’ गांजा है, जो गांजे की उच्च क्षमता वाली किस्म है।
इस गांजा को मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर जल-आधारित प्रणाली में उगाया जाता है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले भी कोलकाता-गया मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी कर चुके हैं।
जांच एजेंसियां थाइलैंड की एक अन्य महिला की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, सभी छह आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि तस्करी में शामिल बड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


