गाजियाबाद (उप्र), चार जुलाई (भाषा) गाजियाबाद में नासिरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और पुलिस चौकी प्रभारी के बीच सोमवार को हुई मामूली बहस के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी के बाहर धरना दिया। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है।>>*IBC24 News Channel के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां Click करें*<<
प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ता चौकी प्रभारी राजकुमार और थाना प्रभारी (एसएचओ) सिहानी गेट के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे और पुलिस विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार जब नासिरपुर रेलवे क्रासिंग के पास चौकी प्रभारी राजकुमार वाहनों की जांच कर रहे थे और कुछ ही दूरी पर थाना प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी खड़े थे, तभी भाजपा युवा मोर्चा, राज नगर मंडल के अध्यक्ष सागर मिश्रा अपनी बाइक पर जा रहे थे। चौकी प्रभारी ने बाइक रोका और मिश्रा से उनके हेलमेट के बारे में पूछताछ की जिस पर उन्होंने (मिश्रा) आपत्ति जताई।
पुलिस ने कहा कि इसके कारण बहस होने लगी और सूचना मिलने पर वहां भाजपा कार्यकर्ता जमा हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मिश्रा ने आरोप लगाया कि चौकी प्रभारी ने उन्हें थप्पड़ मारा।
पुलिस अधीक्षक (नगर) निपुण अग्रवाल ने घटना का संज्ञान लिया और मामले की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी को दी, जिन्होंने तुरंत चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर करते हुए पुलिस लाइन में स्थानांतरित कर दिया।
भाषा सं आनन्द आशीष
आशीष