गाजियाबाद (उप्र), 17 मार्च (भाषा) गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर पुलिस थाना क्षेत्र में छुट्टी और वेतन संबंधी मुद्दों से नाराज एक बैंक के सुरक्षा गार्ड ने अपने साथी के साथ मिलकर प्रबंधक के केबिन में घुसकर कथित तौर पर उनकी गोली मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पंजाब एंड सिंध बैंक की लोनी शाखा के 34 वर्षीय प्रबंधक को सोमवार को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षा गार्ड रविंद्र हुड्डा (50) और उसके साथी शिशुपाल (57) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘सुरक्षा गार्ड अपने साथी के साथ बैंक प्रबंधक के केबिन में घुसा और उन पर गोली चला दी। घायल बैंक प्रबंधक को इलाज के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’’
लोनी बॉर्डर के थाना प्रभारी (एसएचओ) मनीष बिष्ट ने मंगलवार को बताया कि बैंक प्रबंधक अभिषेक कुमार पटना के रहने वाले थे। अगस्त 2025 से उनकी तैनाती गाजियाबाद में थी और वह अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहते थे।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी हुड्डा ने बताया कि वह ढाई साल से बैंक में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता है। उसने प्रबंधक पर तनख्वाह कम देने और छुट्टी मांगने पर छुट्टी नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी बात को लेकर उसकी (कुमार से) कहासुनी हो गई और उसने गुस्से में आकर कुमार को गोली मार दी। उसने यह भी कबूल किया कि घटना के समय उसके साथ शिशुपाल भी मौजूद था।
हुड्डा और शिशुपाल उत्तर प्रदेश के बागपत के एक ही गांव के रहने वाले थे।
पुलिस ने बताया कि इस सिलसिले में थाना लोनी बॉर्डर पुलिस और स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविंद्र हुड्डा और शिशुपाल को लोनी बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (1) (हत्या के लिए सजा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। बयान में कहा गया है कि पुलिस ने दो नाली बंदूक और सात कारतूस और खोखा बरामद किया है। आरोपी पर शस्त्र अधिनियम के तहत भी आरोप लगाए गए हैं।
भाषा आनन्द शोभना सुरभि
सुरभि