गोंडा : अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत

गोंडा : अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत

गोंडा : अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
Modified Date: September 13, 2026 / 01:02 pm IST
Published Date: September 13, 2026 1:02 pm IST

गोंडा (उप्र) 13 सितंबर (भाषा) गोंडा जिले में अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने रविवार को बताया कि शनिवार को नवाबगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या-गोंडा राजमार्ग पर परसापुर गांव के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने एक मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि इस हादसे में वजीरगंज थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव के टेड़िया पुरवा निवासी अनिल सिंह (35) गंभीर रूप से घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राय ने बताया कि हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

राय ने बताया कि इसी तरह कोतवाली नगर क्षेत्र में अमर शहीद राजेंद्र नाथ लाहिड़ी समाधि स्थल के पास देर रात एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खुले नाले में गिर गया। उन्होंने बताया कि हादसे में चालक शिवकुमार (35) की डूबने से मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने शिवकुमार को बाहर निकालकर निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

राय ने बताया कि पुलिस ने क्रेन की मदद से पिकअप को नाले से निकलवाया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

भाषा सं. सलीम नेत्रपाल धीरज

धीरज


लेखक के बारे में